दरा घाटी में लैंडस्लाइड, रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त, ठप हुआ दिल्ली-मुंबई रूट

कोटा रेलखंड पर देर रात हुई भारी बारिश से दरा घाटी में रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन हो गया। ट्रैक पर मलबा आने से ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है। हादसे में रेलवे ट्रैक को नुकसान भी पहुंचा है।
3 घंटे बाद डाउन लाइन शुरू
कोटा रेल मंडल के अधिकारियों ने बताया कि मलबे को हटाने का काम तेजी से शुरू किया गया और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद डाउन लाइन (Down Line) पर ट्रेनों की आवाजाही को फिर से शुरू कर दिया गया है. वहीं, अप लाइन को बहाल करने के लिए भी प्रयास जारी हैं.
ट्रैक से मलबा हटाने में जुटे कर्मचारी
कोटा रेलवे डिवीजन के सीनियर कमर्शियल मैनेजर सौरभ जैन ने बताया कि भूस्खलन के कारण ट्रैक पर भारी मात्रा में पत्थर और मलबा आ गया था. सुरक्षा कारणों से इस रूट से गुजरने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनों को रोकना पड़ा. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की टीम जल्द से जल्द ट्रैक को साफ करने में जुटी हुई है ताकि सामान्य यातायात बहाल किया जा सके. इस घटना से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए घंटों से इंतजार कर रहे हैं.
