चौकीदार को बंधक बनाकर 30 लाख से अधिक का सामान लूटा

अलवर। खैरथल-तिजारा जिले में किशनगढ़बास थाना क्षेत्र के माछरोली गांव स्थित एक निजी सोलर प्लांट पर बीती रात हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में धावा बोलते हुए चौकीदार को बंधक बना लिया और करीब 30 लाख रुपये से अधिक का सामान लूटकर फरार हो गए। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ये घटना दो दिन पहले की है।
यदुवंशी सोलर प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर ग्राम माछरोली भीमसिंह यादव ने किशनगढ़बास थाने में मामला दर्ज कराया कि वह अपनी खातेदारी कृषि भूमि खसरा संख्या 1152 पर केंद्र व राज्य सरकार की कुसुम योजना के तहत सोलर प्लांट स्थापित कर रखा है। प्लांट से राज्य सरकार को विद्युत आपूर्ति की जाती है। सुरक्षा के लिए प्लांट पर आस मोहम्मद नामक चौकीदार तैनात है।
बताया गया कि 25 फरवरी की रात करीब 12:30 बजे 7-8 अज्ञात बदमाश हथियारों से लैस होकर प्लांट परिसर में घुस आए। बदमाशों ने चौकीदार को बंदूक की नोक पर डराकर रस्सी से बांध दिया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद आरोपियों ने प्लांट में लगा 2200 केवीए का पावर ट्रांसफार्मर (अर्कोड कंपनी), 25 केवीए का ऑक्सिलरी ट्रांसफार्मर (एबीसी कंपनी), लगभग 500 लीटर ट्रांसफार्मर ऑयल तथा डीसी केबल सहित अन्य उपकरण उखाड़कर वाहन में लाद लिए।
सुबह करीब 6 बजे जब भीमसिंह यादव के भाई आनंद प्लांट पहुंचे तो वहां लोगों की भीड़ लगी मिली। निरीक्षण करने पर महंगे उपकरण गायब मिले। चौकीदार ने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद भीमसिंह यादव मौके पर पहुंचे और थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई।
पीड़ित ने बताया कि लूटे गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 29.61 लाख रुपये है, जबकि ट्रांसफार्मर ऑयल व डीसी केबल मिलाकर कुल नुकसान 30 लाख रुपये से अधिक का बताया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर प्रकरण भारतीय न्याय संहिता की धारा 307 सहित अन्य धाराओं में दर्ज किया गया है। तफ्तीश उपनिरीक्षक ज्ञानचंद को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इस वारदात ने औद्योगिक व सोलर परियोजनाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
