सांचौर में चलती स्कॉर्पियो में भीषण आग, बड़ा हादसा टला

सांचौर में चलती स्कॉर्पियो में भीषण आग, बड़ा हादसा टला
X


जालौर। जालौर जिले के सांचोर हाडेचा बस स्टैंड रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चलती स्कॉर्पियो एसयूवी में अचानक आग लग गई। वाहन के इंजन हिस्से से धुआं उठता देख चालक ने तुरंत गाड़ी रोक दी और उसमें सवार सभी लोग समय रहते बाहर निकल आए। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो सड़क पर आगे बढ़ रही थी तभी अचानक इंजन से धुआं निकलने लगा। कुछ ही क्षणों में आग की लपटें तेज हो गईं और वाहन देखते ही देखते आग के गोले में तब्दील हो गया। आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

चालक और अन्य सवारों ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर सुरक्षित दूरी बना ली। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू पाना आसान नहीं था।

सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। आग लगने से स्कॉर्पियो पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Next Story