मंगलवाड़: तेज रफ्तार कार की टक्कर से बुजुर्ग की मौत; ग्रामीणों ने लगाया जाम, भारी पुलिस जाब्ता तैनात


चित्तौड़गढ़। जिले के मंगलवाड़ थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की जान चली गई। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार की चपेट में आने से हुई इस मौत के बाद इलाके में तनाव फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने भीलाखेड़ा रोड पर जाम लगा दिया, जिससे देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

इंडियन पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा

थाना अधिकारी भगवान लाल ने बताया कि ढीलाखेड़ा निवासी देवीलाल बंजारा ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार रात देवीलाल अपने काका के लड़के मदन (60) पुत्र अमरा बंजारा के साथ खेत से गायों को घर ला रहे थे। इंडियन पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही मंगलवाड़ चौराहे से निंबाहेड़ा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने पैदल चल रहे मदन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मदन की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपी चालक को दबोचा

हादसे के तुरंत बाद चालक कार लेकर फरार हो गया, लेकिन देवीलाल ने कार का नंबर नोट कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी करवाई और कुछ ही दूरी पर कार को जब्त कर चालक कुलदीप निवासी बेदला (उदयपुर) को डिटेन कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

7 थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और भीलाखेड़ा रोड पर पत्थर डालकर जाम लगा दिया। स्थिति को बिगड़ता देख बड़ीसादड़ी डिप्टी के नेतृत्व में मंगलवाड़, डूंगला, निकुंभ, मंडफिया, भादसोड़ा, भोपाल सागर और अकोला थानों का अतिरिक्त जाब्ता मौके पर बुलाया गया। उपखंड अधिकारी और तहसीलदार ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों से वार्ता की। काफी समझाइश और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद देर रात जाम खोला गया और यातायात बहाल हो सका।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा | फोन: 7737741455

Next Story