आधी रात छापेमारी, आनासागर से 400 किलो अवैध मछली बरामद

आधी रात छापेमारी, आनासागर से 400 किलो अवैध मछली बरामद
X

अजमेर। मत्स्य विभाग ने झीलों में अवैध मत्स्याखेट की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार रात्रि को आनासागर झील पर औचक निरीक्षण कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में जाल, नावें और मछलियां जब्त की गई हैं।

रात्रि 11 बजे हुई औचक छापेमारी

सहायक निदेशक मत्स्य मदन सिंह ने बताया कि आनासागर में अवैध शिकार की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद शनिवार रात्रि लगभग 11 बजे फॉयसागर पुलिस चौकी के पास चौपाटी क्षेत्र में दबिश दी गई। निरीक्षण दल को मौके पर लावारिस अवस्था में 6 नावें और 12 चप्पू मिले। हालांकि, विभाग की आहट पाकर शिकारी मौके से फरार हो गए।

40 फसला करंट जाल और 400 किलो मछली बरामद

रविवार सुबह नगर निगम के सहयोग से दो नावों और आठ मजदूरों की मदद से झील में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान झील से 40 फसला करंट जाल निकाले गए, जिनमें करीब 400 किलो मछली फंसी हुई थी।

सार्वजनिक नीलामी से राजस्व प्राप्ति

मत्स्य अधिनियम के तहत जब्त की गई मछलियों को तत्काल अजमेर मछली मंडी ले जाया गया, जहाँ सार्वजनिक नीलामी के माध्यम से लगभग 30 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। विभाग ने नावों और जालों को कार्यालय में जमा कर लिया है।

सख्त कार्रवाई की चेतावनी

सहायक निदेशक ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध मत्स्याखेट के खिलाफ सघन अभियान जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुँचाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि वे ऐसी अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत विभाग को दें।

Next Story