मनरेगा कार्यस्थल पर मंत्री मदन दिलावर का अनोखा संवाद, महिलाओं संग जमीन पर बैठकर किया भोजन

कोटा। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर बुधवार को कोटा के रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर मनरेगा कार्यस्थल पहुंचे। यहां उन्होंने काम कर रही महिलाओं से सरकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति जानी और उसी दौरान महिलाओं के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया। इस दौरान का वीडियो सामने आने के बाद यह दौरा चर्चा में आ गया है।
मंत्री दिलावर ने मनरेगा में काम कर रही महिलाओं से उनका टिफिन मंगवाया और खुद अपने हाथ से बाजरे की रोटी पर आलू पालक की सब्जी रखकर भोजन किया। भोजन के दौरान माहौल पूरी तरह सहज और आत्मीय नजर आया। महिलाओं ने पारंपरिक अंदाज में गीत गाते हुए कहा बाजरा की रोटी खा लो श्याम, चूरमा भूल जावेला। मंत्री मुस्कराते हुए गीत सुनते रहे और साथ ही भोजन भी करते रहे।
भजनलाल सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर किए गए इस दौरे में मंत्री ने ठेठ देसी भाषा में महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा अरी बणा, म्ह तो रोटी खाबा आयो छूं री, रोटी खुआओगी के। इस पर महिलाओं ने उन्हें बाजरे की रोटी और सब्जी खिलाई।

भोजन के बाद मंत्री दिलावर ने सब्जी की तारीफ करते हुए कहा कि साग बहुत बढ़िया बनाई है और हंसते हुए पूछा कि क्या उनकी घरवाली को भी ऐसी सब्जी बनाने की ट्रेनिंग देंगी। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मनरेगा मजदूरों के बीच अपनापन और सादगी का माहौल देखने को मिला।
मंत्री ने मौके पर महिलाओं से काम, मजदूरी और योजनाओं को लेकर भी बातचीत की और उनकी बातों को ध्यान से सुना। इस दौरे को ग्रामीण महिलाओं से सीधा संवाद और जमीनी जुड़ाव के रूप में देखा जा रहा है।
