जयपुर और टोंक में सुबह की बौछारों से बढ़ी ठंडक, होली पर छूटेंगे पसीने

जयपुर और टोंक में सुबह की बौछारों से बढ़ी ठंडक, होली पर छूटेंगे पसीने
X

जयपुर/भीलवाड़ा | राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पिछले 5 दिनों से पड़ रही तेज धूप के बाद सोमवार सुबह प्रदेश के कई हिस्सों में अचानक मौसम बदल गया। जयपुर और टोंक सहित आस-पास के जिलों में रुक-रुककर हुई बारिश और ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

रिमझिम बरसात और कोहरे का असर

राजधानी जयपुर में सोमवार सुबह करीब 7 बजे से ही आसमान में घने बादल छा गए। मालवीय नगर और सीकर रोड सहित कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। जयपुर के चौमूं क्षेत्र में करीब 15 मिनट तक तेज बरसात हुई, जिससे सड़कों पर पानी जमा हो गया। वहीं, टोंक के निवाई क्षेत्र में भी 20 मिनट तक अच्छी बारिश दर्ज की गई। इस बदलाव से हवा में ठंडक घुल गई है और लोगों को एक बार फिर हल्की सर्दी का अहसास होने लगा है।

बाड़मेर सबसे गर्म, मार्च में सताएगी गर्मी

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में बाड़मेर 34.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। हालांकि, वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छाए हुए हैं, लेकिन विभाग का अनुमान है कि यह राहत लंबी नहीं चलेगी। कम बारिश और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण इस साल मार्च के पहले सप्ताह से ही तेज गर्मी शुरू हो सकती है। होली के दौरान तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की आशंका जताई गई है।

आगामी एक सप्ताह का पूर्वानुमान

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, 23 और 24 फरवरी को दक्षिण-पूर्वी राजस्थान (कोटा, उदयपुर संभाग) में बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन भारी बारिश की संभावना कम है। अगले एक सप्ताह तक अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी।

Next Story