किशनगढ़ में नौसेना के जवान की सड़क हादसे में मौत,तीस नवंबर को तय थी शादी

किशनगढ़ क्षेत्र में गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में भारतीय नौसेना में ईआरए चार टेक्निकल पद पर कार्यरत और अरांई तहसील के गोठियाना गांव के पच्चीस वर्षीय सरदार बैरवा की मौत हो गई। शुक्रवार को उनके पैतृक गांव में राजकीय और नौसेना सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
सरदार बैरवा की शादी तीस नवंबर को तय थी और घर में हल्दी तथा मेहंदी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार के सदस्यों के साथ वे खुद भी शादी की तैयारियों में जुटे थे। इसी दौरान वे अपने मित्रों के साथ किशनगढ़ में खरीदारी करने के बाद रात को घर लौट रहे थे।
छोटा लाम्बा और रेबारियों की ढाणी के बीच उनकी मोटरसाइकिल को तेज रफ्तार से आ रहे एक वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। चालक युवक सड़क पर जा गिरा जबकि पीछे बैठे सैनिक को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चालक को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया और सैनिक के शव को मोर्चरी में रखवाया गया।
शुक्रवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सरदार की मौत की खबर से गोठियाना गांव में शादी की तैयारियां मातम में बदल गईं।
