नए आईजी ओमप्रकाश ने संभाला पदभार: बोले- "सिर्फ फोटो खिंचवाने से काम नहीं चलेगा, दरिंदों को फांसी दिलाना ही असली जीत"

बीकानेर। बीकानेर रेंज के नवनियुक्त आईजी ओमप्रकाश ने बुधवार को अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के तुरंत बाद मीडिया से रूबरू हुए आईजी ने पुलिसिंग के पुराने ढर्रे पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल आरोपी को पकड़कर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने और फोटो खिंचवाने से न्याय नहीं मिलता; असली न्याय तब है जब अपराधी को अदालत से सख्त सजा मिले।
बरी होने वाले आरोपियों पर जताई चिंता
आईजी ओमप्रकाश ने कहा, "अक्सर देखा जाता है कि पुलिस अच्छी प्रेस कॉन्फ्रेंस करती है और मुल्जिम पकड़कर खुश हो जाती है। लेकिन कुछ समय बाद वही मुल्जिम सबूतों के अभाव में बरी हो जाता है। इससे पीड़ित परिवार और समाज खुद को ठगा हुआ महसूस करता है।" उन्होंने जोर दिया कि बीकानेर पुलिस अब केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि 'क्वालिटी इन्वेस्टिगेशन' पर ध्यान देगी ताकि अपराधी किसी भी सूरत में बच न सके।
नाबालिग से दरिंदगी मामले में फांसी का लक्ष्य
हाल ही में बीकानेर में हुए नाबालिग लड़की के दुष्कर्म और हत्या मामले पर आईजी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है, लेकिन अब हमारा लक्ष्य उसे फांसी की सजा दिलाना है। इसके लिए एक स्पेशल पीपी (लोक अभियोजक) की मदद ली जा रही है ताकि जांच के हर बिंदु को कानूनी रूप से इतना मजबूत बनाया जाए कि अदालत में आरोपी के बचने का कोई रास्ता न रहे। उन्होंने बताया कि पूर्व में अजमेर और पाली में भी उन्होंने ऐसे ही प्रयासों से अपराधियों को अंजाम तक पहुँचाया है।
सीमा पर 'ड्रोन' और 'ड्रग्स' की चुनौती
सरहद पार से ड्रोन के जरिए आने वाली ड्रग्स पर बोलते हुए आईजी ने कहा कि वे पूर्व में डीआईजी सिक्योरिटी रह चुके हैं और इस समस्या की गहराई को समझते हैं। उन्होंने खुलासा किया कि एनडीपीएस के मामलों में कोई नया अपराधी नहीं आता, बल्कि पुराने 'खिलाड़ी' ही जमानत पर छूटने के बाद दोबारा इसी धंधे में लग जाते हैं। पुलिस अब ऐसे आदतन अपराधियों की लिस्ट बनाकर उन पर पैनी नजर रखेगी।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
