रोडवेज को नई रफ्तार: 207 बसों की सौगात, सीएम कल करेंगे रवाना

रोडवेज को नई रफ्तार: 207 बसों की सौगात, सीएम कल करेंगे रवाना
X

जयपुर |राजस्थान रोडवेज के बेड़े में 207 नई बसें शामिल होने जा रही हैं। अजमेर रोड स्थित हीरापुरा बस टर्मिनल पर गुरुवार सुबह 09:15 बजे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसमें एक्सप्रेस, एसी और नॉन एसी कैटेगरी की बसें शामिल हैं, जिनका संचालन प्रदेश के अलग-अलग रूट्स पर किया जाएगा।

प्रदेश में आम लोगों को बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुविधा देने के उद्देश्य से बजट में नई बसें शामिल करने की घोषणा की गई थी। उसी के तहत राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम को 207 सर्विस मॉडल की बसें मिल चुकी हैं। इनमें ब्ल्यू लाइन 3x2 एक्सप्रेस, नॉन एसी 2x2 और एसी 2x2 बसें शामिल हैं, जिन्हें अब संचालन के लिए उतारा जा रहा है।

अलग-अलग कैटेगरी की बसें होंगी शामिल

कार्यक्रम के दौरान 100 ब्ल्यू लाइन 3x2 एक्सप्रेस, 79 नॉन एसी 2x2 और 28 एसी 2x2 बसों को हरी झंडी दिखाई जाएगी। रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक इन बसों से लंबी दूरी के साथ-साथ इंटरसिटी रूट्स पर भी सुविधा बेहतर होगी। नई बसों में यात्रियों के लिए सीटिंग और सेफ्टी फीचर्स को ध्यान में रखा गया है।

बसों के शुभारंभ के साथ ही 700 महिला सड़क सुरक्षा अग्रदूतों को आईएसआई मार्का हेलमेट भी बांटे जाएंगे। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा भी मौजूद रहेंगे। परिवहन और सड़क सुरक्षा से जुड़े इस कार्यक्रम को रोड सेफ्टी जागरूकता से भी जोड़ा गया है।

Next Story