फाल्गुनी एकादशी पर रथ में विराजकर नगर भ्रमण करेंगे बाबा श्याम, श्रृंगार के लिए देश-दुनिया से आए फूल

फाल्गुनी एकादशी पर रथ में विराजकर नगर भ्रमण करेंगे बाबा श्याम, श्रृंगार के लिए देश-दुनिया से आए फूल
X


खाटूश्यामजी (सीकर) | राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी में फाल्गुनी मेले की रंगत अपने परवान पर है। वर्ष की सबसे महत्वपूर्ण मानी जाने वाली फाल्गुनी एकादशी पर बाबा श्याम का भव्य श्रृंगार किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर बाबा श्याम अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए मंदिर से बाहर निकलेंगे और रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण करेंगे।

सुबह 11:30 बजे निकलेगी भव्य रथ यात्रा

मंदिर कमेटी के अनुसार, एकादशी के पावन पर्व पर बाबा श्याम की विशेष रथ यात्रा प्रातः 11:30 बजे मंदिर परिसर से रवाना होगी। यह यात्रा खाटूधाम के मुख्य मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर पहुंचेगी। मान्यता है कि एकादशी के दिन रथ पर विराजमान बाबा के दर्शन करने से अनंत पुण्यों की प्राप्ति होती है। वर्तमान में रथ की सेवा-पूजा और उसे भव्य रूप देने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।

रंगीन फूलों और विशेष पोशाक से होगा श्रृंगार

बाबा के श्रृंगार को अलौकिक बनाने के लिए कोलकाता, दिल्ली, बेंगलुरु और राजस्थान के विभिन्न हिस्सों से विशेष पुष्प मंगाए गए हैं। बाबा को इस दिन विशेष कलात्मक पोशाक धारण करवाई जाएगी। फाल्गुनी मेले की इस सबसे बड़ी एकादशी पर लाखों भक्तों के उमड़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और मंदिर कमेटी ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।

महंत की अपील: शांतिपूर्ण दर्शन करें श्रद्धालु

महंत मोहन दास ने देश-दुनिया से आने वाले श्याम भक्तों से अपील की है कि वे बाबा के दरबार में शांतिपूर्ण तरीके से दर्शन करें। उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें ताकि फाल्गुनी मेले का यह महापर्व निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।

Next Story