जयपुर में तांडव: 3 मंजिला कूलर फैक्ट्री में भीषण आग, 40 दमकलें और TTL मशीन तैनात

जयपुर में तांडव: 3 मंजिला कूलर फैक्ट्री में भीषण आग, 40 दमकलें और TTL मशीन तैनात
X


जयपुर। राजधानी के बिंदायका औद्योगिक क्षेत्र में आज सुबह एक तीन मंजिला प्लास्टिक कूलर और पंखा बनाने की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। पिछले 4 घंटों से अधिक समय से आग लगातार धधक रही है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। आग की भयावहता को देखते हुए बिंदायका, बगरू, झोटवाड़ा और मानसरोवर सहित कई केंद्रों से 40 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और निजी पानी के टैंकर मौके पर मशक्कत कर रहे हैं।

सिलेंडरों से बढ़ा खतरा, सिविल डिफेंस ने संभाला मोर्चा

यह फैक्ट्री रमेश लखवानी की बताई जा रही है। फैक्ट्री की तीसरी मंजिल पर भारी मात्रा में गैस सिलेंडर रखे होने के कारण बड़े धमाके का खतरा बना हुआ था। सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए फैक्ट्री के अंदर से 11 कमर्शियल सिलेंडर सुरक्षित बाहर निकाल लिए हैं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, ऊपरी मंजिल पर अभी भी कुछ सिलेंडर होने की आशंका के चलते दमकलकर्मी बेहद सावधानी से कार्य कर रहे हैं।

TTL मशीन और जेसीबी का सहारा

आग की तीव्रता और इमारत की ऊंचाई को देखते हुए जयपुर से विशेष वाहन टीटीएल (टर्नटेबल लैडर) मंगवाया गया है, जिसकी मदद से ऊंचाई से पानी की बौछारें की जा रही हैं। वहीं, फैक्ट्री के पिछले हिस्से तक पहुंच बनाने के लिए जेसीबी से दीवार को तोड़ा गया है ताकि अंदरूनी हिस्सों में लगी आग पर काबू पाया जा सके।

सुरक्षा के घेरे में इलाका, ट्रैफिक डायवर्ट

प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे औद्योगिक क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और आसपास के रास्तों को बंद कर यातायात डायवर्ट किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि फैक्ट्री में लगे कई फायर फाइटिंग उपकरण एक्सपायरी डेट के थे, जो आपात स्थिति में काम नहीं आए। राहत की बात यह है कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है।

Tags

Next Story