मारवाड़ जंक्शन: काली घाटी में इमारती लकड़ी से भरा ट्रक पलटा, बड़ा हादसा टला

मारवाड़ जंक्शन: काली घाटी में इमारती लकड़ी से भरा ट्रक पलटा, बड़ा हादसा टला
X

मारवाड़ जंक्शन। उपखंड के सिरियारी पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत काली घाटी में एक बार फिर सड़क हादसा होने से हड़कंप मच गया। यहाँ इमारती लकड़ी से भरा एक अनियंत्रित ट्रक पलट गया, जिससे चालक और खलासी मलबे के नीचे दब गए। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।

मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक में भारी मात्रा में कीमती इमारती लकड़ियां लदी हुई थीं। काली घाटी के खतरनाक मोड़ पर संतुलन बिगड़ने के कारण ट्रक अचानक पलट गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए भारी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे ड्राइवर और खलासी को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही देवगढ़ से एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए देवगढ़ अस्पताल ले जाया गया।

वर्तमान में ट्रक ड्राइवर प्रेमसिंह का देवगढ़ अस्पताल में उपचार जारी है। घटना की सूचना पाकर सिरियारी पुलिस ने भी मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया और क्रेन की मदद से ट्रक को व्यवस्थित करवाकर बाधित हुए यातायात को सुचारु करवाया। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तीखा मोड़ और ट्रक का अत्यधिक वजन बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

Tags

Next Story