भीषण गर्मी से लोगों का फूल रहा दम: राजस्थान में यहां बदला मौसम, तेज हवा के हुई बारिश, कल से होगी प्री मानसून की झमाझम बारिश

राजस्थान में यहां बदला मौसम, तेज हवा के हुई बारिश, कल से होगी प्री मानसून की झमाझम बारिश
X

प्रदेश में पूरब से पश्चिम तक प्रचंड गर्मी का प्रकोप बरकरार है। बीते कई दिनों से हो रही भीषण गर्मी से लोगों का दम फूलने लगा है। सड़कें भट्ठी की तरह तप रही हैं। विशेष तौर पर बुंदेलखंड और पश्चिमी यूपी के कई जिले लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल 15 जून तक इन इलाकों में झुलसा देने वाली गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है।


वहीं अलवर और नागौर जिले में शुक्रवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल गया। अलवर जिले के थानागाजी में बारिश व अंधड़ आने के बाद मौसम बदल गया। अच्छी बारिश होने से गर्मी से बड़ी राहत मिली है। नागौर जिले के रिड़ क्षेत्र में तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे टीन शेड उड़ गए। कई बिजली के पोल और पेड़ धराशायी हो गए।

झमाझम बारिश से गर्मी से मिली राहत

अलवर जिले के थानागाजी क्षेत्र के पास प्रतापगढ़ और आस-पास के इलाकों में शुक्रवार दोपहर मौसम ने करवट ली। करीब ढाई बजे शुरू हुई झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी। लगभग 15 मिनट तक हुई तेज बारिश से सड़कों पर पानी बहने लगा और धूल भरी हवाओं ने मौसम को और सुहावना बना दिया।

नागौर जिले में दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल गया। रिड़ क्षेत्र में तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। तेज हवा चलने से दुकानों के टीन शेड उड़ गए। बिजली के पोल और कई पेड़ धराशायी हो गए। झालावाड़ जिले के मनोहर थाना क्षेत्र में तेज अंधड़ से कई मकानों के टीन शेड़ उड़ गए। तेज अंधड़ के बाद बारिश हुई।

हालांकि पश्चिमी राजस्थान में अगले दो दिनों तक लू का प्रभाव बना रहेगा। उसके बाद यहां भी तापमान में गिरावट का अनुमान है। मौसम विभाग ने 20 से 26 जून के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश की संभावना जताई है। बीते 24 घंटे में श्रीगंगानागर लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां गुरुवार को अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रात का तापमान भी 31.2 डिग्री रहा।



8 शहरों में पारा 45 डिग्री के पार

राजस्थान के 8 शहरों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया। इनमें प्रमुख रूप से गंगानगर में 48, चूरू में 45.8, चित्तौड़गढ़ में 45.7, दौसा में 45.2, फलोदी में 45.8, बीकानेर में 45.1, कोटा में 45.1 और वनस्थली में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। गर्मी से जूझ रहे प्रदेशवासियों के लिए आने वाली बारिश कुछ राहत लेकर आ सकती है।

Next Story