हाईवे पर बैल आने से अनियंत्रित होकर पुलिस जीप पलटी, एक जवान घायल
सिरोही जिले के मंडार थाना क्षेत्र में कांडला हाईवे पर देर शाम एक पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा सोनेला स्कूल के सामने उस समय हुआ जब रास्ते में अचानक एक बैल आ गया, जिससे पुलिस वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा।
जानकारी के अनुसार मंडार थाने की भटाना चौकी पर आवंटित पुलिस की गाड़ी डीजल भरवाकर वापस चौकी की ओर जा रही थी। वाहन को कांस्टेबल हमीराराम चला रहे थे। इसी दौरान अचानक बैल सामने आ जाने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में पुलिस वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल कांस्टेबल हमीराराम को क्षतिग्रस्त पुलिस जीप से बाहर निकालकर मंडार अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही मंडार थानाधिकारी प्रवीण आचार्य पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मी की स्थिति की जानकारी ली।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल पुलिसकर्मी हमीराराम को बेहतर इलाज के लिए गुजरात के पालनपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। वही क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त पुलिस जीप को घटना स्थल से हटवाकर पुलिस ने मंडार थाने में रखवाया।
घटना को लेकर थानाधिकारी आचार्य ने उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी देकर अवगत करवाया।
