उत्पादन लागत में आएगी कमी,बिजली होगी सस्ती

जयपुर। जीएसटी काउंसिल के फैसले से राजस्थान में बिजली उत्पादन लागत घटने जा रही है। अनुमान है कि इससे सालाना करीब 1100 करोड़ रुपए की बचत होगी। अब सवाल यह है कि क्या इस बचत का लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा।
जीएसटी काउंसिल ने कोयले पर जीएसटी 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 18 प्रतिशत कर दिया है, लेकिन 400 रुपए प्रति टन का सेस समाप्त कर दिया गया। इससे कोयले की लागत में 210 से 225 रुपए प्रति टन की बचत होगी। थर्मल पावर प्लांट्स में उत्पादन लागत 11 से 14 पैसे प्रति यूनिट घटने की उम्मीद है।
केवल विद्युत उत्पादन निगम को ही लगभग 680 करोड़ रुपए की बचत होगी। विशेषज्ञों के अनुसार अदानी और राजवेस्ट पावर प्लांट्स के साथ-साथ केंद्र सरकार से मिलने वाले कोयला खरीद लाभ से 400 से 500 करोड़ रुपए की अतिरिक्त बचत का आकलन किया गया है।
अगर यह लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचा तो 100 यूनिट के बिल पर 11 से 14 रुपए तक की राहत संभव है।
