चित्तौड़गढ़: ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान, कृषि विभाग ने किसानों से फसल बीमा के लिए आवेदन करने का किया आग्रह

चित्तौड़गढ़ (हलचल)। जिले में रविवार रात हुई बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि के कारण अफीम, गेहूं, सरसों सहित अन्य फसलों में बड़ा नुकसान हुआ है। खराबे की स्थिति को देखते हुए कृषि विभाग ने प्रभावित किसानों से फसल बीमा योजना के तहत आवेदन करने और नारकोटिक्स विभाग को सूचित करने का आग्रह किया है। कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ. शंकरलाल जाट ने बताया कि रविवार रात को जिले के कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि एक पट्टी के रूप में हुई है। विशेष रूप से विजयपुर घाटा क्षेत्र के उदपुरा, कनेरा घाट, बेगूं के बोराव और रावतभाटा क्षेत्र में ओलावृष्टि से अफीम के खेतों में काफी नुकसान हुआ है। संबंधित कृषि अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में फसल खराबे का सर्वे कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं। जहां केवल बरसात हुई है वहां गेहूं, सरसों और चने की फसल को फायदा होगा, लेकिन ओलावृष्टि वाले क्षेत्रों में अफीम की फसल, विशेषकर जहां डोडे बड़े हो चुके हैं, वहां नुकसान अधिक है। डॉ. जाट ने अफीम उत्पादक किसानों को सलाह दी है कि वे नुकसान की सूचना नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों को अवश्य दें क्योंकि अफीम की फसल का प्रबंधन वही विभाग देखता है। वहीं अन्य फसलों के नुकसान के लिए जिन किसानों ने बीमा करवा रखा है, वे नियमानुसार तुरंत आवेदन करें ताकि उन्हें उचित मुआवजा मिल सके।
ताजा न्यूज़ के लिए बने रहें 'भीलवाड़ा हलचल' न्यूज़ पोर्टल के साथ। अपने क्षेत्र की खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 सम्पर्क कार्यालय: भीलवाडा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाडा फोन: 7737741455
