जवाहर नगर में फिर छापा: 5 दिन में दूसरी बार 700 किलो नकली पनीर बरामद

जवाहर नगर में फिर छापा: 5 दिन में दूसरी बार 700 किलो नकली पनीर बरामद
X

जयपुर में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जवाहर नगर थाना पुलिस ने शनिवार को 700 किलो से ज्यादा नकली पनीर बरामद किया। महज 5 दिनों में यह दूसरी छापेमार कार्रवाई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर खाद्य विभाग की टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने यह पनीर बाजार में सप्लाई होने से पहले ही टीला नंबर-1 पर दबिश देकर पकड़ लिया। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और भारी मात्रा में पनीर जब्त किया।

थाना प्रभारी महेशचंद्र के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजेश डेयरी पर नकली पनीर पहुंचाया जा रहा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए डेयरी पर छापा मारा, जहां पिकअप वाहन (RJ 14 GL 0796) से पनीर उतारा जा रहा था।

मौके पर सीएमएचओ की टीम को बुलाया गया, जिसने पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि 5 दिन पहले भी जवाहर नगर थाना पुलिस ने नकली मावा और घी के खिलाफ कार्रवाई की थी। उस दौरान ‘क्वालिटी पनीर सेंटर’ पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में नकली पनीर, घी और क्रीम बरामद की गई थी। पनीर को बर्फ में छिपाकर बॉक्स में रखा गया था, जबकि नकली घी ड्रमों में भरा हुआ था।

इस पूरी कार्रवाई में एडीसीपी आलोक सिंघल और एसीपी लक्ष्मी सुथार के सुपरविजन में थाना प्रभारी महेशचंद्र के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पहले भी होली के दौरान इसी क्षेत्र में करीब 250 किलो नकली मावा और पनीर पकड़ा गया था। इसके बाद से पुलिस लगातार निगरानी कर रही थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन नकली उत्पादों को असली बताकर बाजार में बेचा जा रहा था, जो लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

Next Story