अजमेर में बारिश का कहर: तालाब लबालब, सड़कें धंसी, 80 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया

अजमेर में बारिश का कहर: तालाब लबालब, सड़कें धंसी, 80 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया
X

अजमेर। बुधवार रात से गुरुवार शाम तक हुई मूसलाधार बारिश ने अजमेर शहर और आसपास के इलाकों में जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। लगातार बारिश से आनासागर, वरुण सागर, दौराई तालाब और बोराज तालाब लबालब भर गए, जिनमें से कई जगह पानी ओवरफ्लो होने लगा। सबसे गंभीर स्थिति बोराज तालाब की रही, जहां पाल टूटने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। एनडीआरएफ की टीम को मौके पर तैनात किया गया और स्वास्तिक नगर सहित आसपास की कॉलोनियों के करीब 80 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। कई लोग घर खाली करने को तैयार थे, जबकि कुछ तनाव में नजर आए।

शहर में जलभराव और सड़कों के धंसने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। मदार गेट, स्टेशन रोड और नलाबाजार में तेज बहाव के कारण लोग नालों में बहने लगे, जिन्हें स्थानीय व्यापारियों ने बचाया। तोपदड़ा पुलिया तिराहे पर सड़क धंसने से रिजर्व बैंक से नकदी लेकर आ रहा ट्रक फंस गया, वहीं कायड़ पुलिया पर ट्रेलर धंसने से जाम की स्थिति और बिगड़ गई। यातायात पुलिस और प्रशासन ने जेसीबी व अन्य तकनीकी साधनों से हालात संभालने की कोशिश की।

जिला कलेक्टर लोकबंधु ने सुबह ब्रह्मपुरी, कालाबाग, तोपदड़ा और पाल पिछला जैसे निचले इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। नगर निगम आयुक्त देशल दान और पीडब्ल्यूडी अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। एडीएम गजेन्द्र सिंह ने लोगों से अपील की कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण कई जगह सड़कें धंस गई हैं और गड्ढे बन गए हैं, जिनका आकलन बारिश थमने के बाद होगा। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्यों के लिए चौकसी बरतने के साथ लोगों से संयम और सूझबूझ बरतने की अपील की है।।

Next Story