एसआईआर को लेकर दिया प्रशिक्षण

राजसमंद। भारत निर्वाचन आयोग एवं निर्वाचन विभाग, राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार विधानसभा राजसमंद क्षेत्र के बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम के अंतिम बैच का प्रशिक्षण आज निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एवं उपखंड अधिकारी बृजेश गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
प्रशिक्षण में बीएलओ को आगामी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के अंतर्गत भरे जाने वाले गणना प्रपत्रों की जानकारी दी गई, साथ ही मतदाता सत्यापन के लिए आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। मतदाता फॉर्म जैसे फॉर्म 6 (नया नाम जोड़ने हेतु), फॉर्म 6-क (प्रवासी भारतीयों के लिए), फॉर्म 7 (मृत या स्थानांतरित मतदाता के नाम हटाने हेतु), फॉर्म 8 (संशोधन, पते में बदलाव, डुप्लीकेट EPIC, दिव्यांगता अपडेट आदि) के संबंध में भी बीएलओ को समग्र जानकारी दी गई।
बीएलओ ऐप के उपयोग, मतदान केंद्र पर उपलब्ध न्यूनतम सुविधाओं के अपडेट, विभिन्न चेकलिस्ट और फॉर्मों के सत्यापन की प्रक्रिया तथा मतदाता सूचियों के अध्यावधिककरण के संबंध में भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन मास्टर ट्रेनर लक्ष्मी नारायण पालीवाल, संदीप नंदवाना, राजेंद्र आमेटा, नरेंद्र कुमार, नीरज कुमार गोयल एवं किशन सिंह द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण के समापन पर निर्वाचन विभाग द्वारा भेजी गई प्रश्नोत्तरी का समाधान भी उपस्थित बीएलओ द्वारा किया गया।
