जिलेभर में आज से “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान का शुभारम्भ

राजसमंद। स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत जिले में बुधवार से विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन आरम्भ हो गया है।
जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों – जिला चिकित्सालय से लेकर उपस्वास्थ्य केन्द्रों तक प्रतिदिन शिविर आयोजित कर महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, मातृ एवं शिशु देखभाल, टीकाकरण, निक्षय मित्र नामांकन, रक्तदान शिविर सहित अन्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारम्भ माननीय प्रधानमंत्री द्वारा इंदौर से किया जाएगा। यह अभियान 17 अक्टूबर, बुधवार से आगामी 2 अक्टूबर तक संचालित होगा। जिले में अभियान का जिला स्तरीय शुभारम्भ कार्यक्रम आर.के. जिला चिकित्सालय में सुबह 11:30 बजे आयोजित होगा। सभी चिकित्सा संस्थानों पर उद्घाटन कार्यक्रम का वेबकॉस्ट प्रसारण किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हेमंत कुमार बिन्दल ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाना, गैर-संचारी रोगों जैसे कैंसर, एनीमिया, टीबी, सिकल सेल की स्क्रीनिंग, टीकाकरण, प्रसव पूर्व जांच, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को प्रोत्साहित करना तथा समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाना है। इसके साथ ही रक्तदान हेतु प्रेरित करने के लिए शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सभी चिकित्सा संस्थानों पर प्रतिदिन नियमित शिविर आयोजित होंगे और प्रत्येक ब्लॉक में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। विशेष शिविरों में उपस्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सा अधिकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ और शिशु रोग विशेषज्ञ सेवाएं देंगे। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर स्त्री रोग, शिशु रोग, नेत्र रोग, ईएनटी, दंत चिकित्सक, त्वचा एवं अन्य विशेषज्ञ उपलब्ध रहेंगे। जिला चिकित्सालयों पर मेगा शिविर आयोजित कर सभी आवश्यक विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
डॉ. बिन्दल ने बताया कि अभियान के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रत्येक ब्लॉक में संबंधित खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सभी चिकित्सा संस्थानों पर दवाइयों, उपकरणों, आईईसी सामग्री एवं अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। शिविर में लाभ लेने के लिए आधार कार्ड, आभा आईडी या अन्य पहचान पत्र लेकर आने की सलाह दी गई है ताकि रजिस्ट्रेशन सुगमता से हो सके।
उन्होंने सभी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे आशा एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को शिविरों का लाभ दिलाएं।
