82 लाभार्थियों को मिले नियुक्ति पत्र, केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के जयपुर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण

राजसमंद । अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के उपलक्ष्य में गुरुवार को भिक्षु निलयम सभागार, राजसमंद में भव्य जिला स्तरीय सहकार एवं रोजगार उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सहकारिता की भावना को बढ़ावा देना तथा विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना रहा।
इस अवसर पर जयपुर जिले के ग्राम दादिया में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे राजसमंद में बड़ी संख्या में लाभार्थियों, नव नियुक्त कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने देखा। जिला स्तरीय समारोह में सांसद श्रीमती महिमा कुमारी मेवाड़ एवं नाथद्वारा विधायक श्री विश्वराज सिंह मेवाड़ की गरिमामय उपस्थिति रही।
सांसद श्रीमती महिमा कुमारी मेवाड़ ने अपने संबोधन में सहकारिता को देश की रीढ़ बताते हुए कहा कि यह न केवल आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देती है, बल्कि किसानों, मजदूरों और आमजन को सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कृषक कल्याण के लिए सतत प्रयासरत है।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग, आयुर्वेद विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (डीओआईटी), चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा सहकारिता विभाग सहित पाँच प्रमुख विभागों की सहभागिता रही। विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स पर योजनाओं की जानकारी दी गई तथा ऑन-स्पॉट आवेदन की प्रक्रिया भी संपन्न करवाई गई। सांसद और नाथद्वारा विधायक के हाथों 82 नव चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी इस दौरान प्रदान किए गए। जीएसएस प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण की उपस्थिति में यह प्रक्रिया संपन्न हुई।
इस अवसर पर जयपुर के दादिया में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा उपस्थित रहे। श्री शाह ने ‘सहकार से समृद्धि’ संकल्प को साकार करते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाओं व संरचनाओं का शुभारंभ किया। इनमें दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों को 2346 माइक्रो एटीएम का वितरण, गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 1400 लाभार्थियों को लगभग 12 करोड़ रुपये का ऋण, 24 गोदामों और 64 मिलेट्स आउटलेट्स का लोकार्पण तथा श्वेत क्रांति 2.0 के अंतर्गत पीडीसीएस ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्लेटफॉर्म का शुभारंभ शामिल रहा।
इसके साथ ही श्री शाह द्वारा पुलिस विभाग को 100 नए वाहन भी फ्लैग ऑफ किए गए जो थानों, सशस्त्र बलों और प्रशिक्षण कार्य हेतु उपयोग में लिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 8 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार नियुक्ति पत्र वितरित किए गए, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ा कदम है।मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सहकारिता क्षेत्र में यह प्रयास न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करेंगे, बल्कि सामाजिक न्याय और सर्वांगीण विकास का मार्ग भी प्रशस्त करेंगे।
