विद्या संबल योजनान्तर्गत आवेदन आमंत्रित

राजसमन्द। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा विद्या संबल योजना के अंतर्गत जिले में संचालित राजकीय अंबेडकर एवं सावित्रीबाई फुले छात्रावासों में अध्ययनरत कक्षा 9 से 12 तक के बालक एवं बालिकाओं के लिए गणित, विज्ञान एवं अंग्रेजी विषयों के अध्ययन में शैक्षणिक सहायता हेतु विशेषज्ञ गेस्ट फैकल्टी के रूप में अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इस योजना के तहत ग्रेड-I एवं II योग्यता रखने वाले अनुभवी विषय विशेषज्ञ आवेदन कर सकते हैं। बालिका छात्रावासों में केवल महिला अभ्यर्थियों को ही नियुक्त किया जाएगा। छात्रावासों में गणित, विज्ञान एवं अंग्रेजी में से किसी एक कठिन विषय के विशेषज्ञ को गेस्ट फैकल्टी के रूप में चयनित किया जाएगा, जिन्हें सभी विषय पढ़ाने होंगे।
राजसमन्द जिले में यह छात्रावास कन्या छात्रावास कांकरोली एवं देवगढ़ तथा बालक छात्रावास आमेट, भीम, देवगढ़, नाथद्वारा, खमनौर, केलवाड़ा, गिलुण्ड, रेलमगरा, कुरज, पीपली आचार्यान एवं धोईन्दा, राजसमन्द में संचालित किए जा रहे हैं। यह व्यवस्था केवल शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए ही प्रभावी रहेगी।
विस्तृत दिशा-निर्देशों का अवलोकन विभाग के जिला कार्यालय एवं ब्लॉक कार्यालय में किया जा सकता है। इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र 15 अक्टूबर को अपराह्न 4.00 बजे तक संबंधित ब्लॉक कार्यालय (जो वर्तमान में छात्रावास स्थित है) या जिला कार्यालय, राजसमन्द में जमा करवा सकते हैं। निर्धारित समयावधि के पश्चात प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।
