नशा कारोबारियों पर बुलडोजर कार्रवाई, अवैध निर्माण किया ध्वस्त

X

नाथद्वारा, राजसमंद। राजसमंद जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने अब तक की सबसे कड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी आर्थिक कमर तोड़ने का अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार सुबह नाथद्वारा पुलिस ने मादक पदार्थ के एक बड़े कारोबारी के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई को नशा कारोबारियों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है।

पुलिस ने गिरिराजपुरा निवासी सुरेंद्र सिंह पिता कान सिंह के अवैध ठिकाने को जमींदोज किया। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार, आरआई, पटवारी, वृत निरीक्षक विक्रम सिंह, नगर पालिका के एईएन, जेईएन, सहायक अधिकारी, अतिक्रमण निरोधी दस्ते के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस जाब्ता मौके पर मौजूद रहा।

डीएसपी शिप्रा राजावत ने बताया कि सुरेंद्र सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई गंभीर प्रकरण दर्ज हैं और हाल ही में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। नशा तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों से अर्जित काली कमाई से नगर पालिका की भूमि पर किए गए निर्माणों को चिन्हित कर यह बड़ी कार्रवाई की गई।

नशा कारोबारी द्वारा भलवातों का खेड़ा क्षेत्र में नगर पालिका के रास्ते की भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई बाउंड्रीवाल और दुकानों को कानूनी प्रक्रिया और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूर्ण करने के बाद बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान सीआई विक्रम सिंह ने कहा कि पुलिस नशे के खिलाफ सख्त अभियान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अन्य अपराधियों के विरुद्ध भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Tags

Next Story