सराफा बाजार में सांडों की लड़ाई से मची अफरातफरी, व्यापारी बाल-बाल बचे
राजसमंद। जिला मुख्यालय के सराफा बाजार में उस समय अफरातफरी मच गई जब दो सांड आपस में लड़ते हुए अचानक बाजार में घुस आए। सांडों की लड़ाई इतनी उग्र थी कि वे एक दुकान के अंदर तक घुस गए। गनीमत रही कि वहां मौजूद व्यापारी समय रहते सतर्क हो गए और किसी तरह अपनी जान बचा सके।
घटना का पूरा दृश्य वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह सांडों की लड़ाई के बीच व्यापारी इधर-उधर भागकर खुद को बचाते नजर आ रहे हैं। कुछ पल के लिए पूरे बाजार में दहशत का माहौल बन गया और दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर लीं।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि राजसमंद जिला मुख्यालय पर इस तरह की बुल फाइट की घटनाएं आए दिन सामने आती रहती हैं। आवारा सांडों की वजह से बाजारों और मुख्य सड़कों पर हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। व्यापारियों और आमजन द्वारा कई बार प्रशासन और नगर परिषद को शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है।
व्यापारियों ने मांग की है कि आवारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि बाजारों में सुरक्षित माहौल बना रहे और किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
