जनगणना 2027: कलक्टर के निर्देशन में तैयारियां तेज, 12 से 17 फरवरी तक चलेगा गहन प्रशिक्षण का दौर

राजसमन्द। जनगणना कार्य निदेशालय के निर्देशानुसार जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के कार्य हेतु जिला एवं चार्ज अधिकारियों के लिए दो दिवसीय गहन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने प्रशिक्षण को लेकर आदेश जारी किये हैं।
सांख्यिकी विभाग के उप निदेशक डॉ पीयूष कुमार भण्डारी ने बताया कि चार्ज स्तर के सहायकों का प्रशिक्षण दिनांक 12 फरवरी 2026 से 14 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 9.30 बजे से जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होगा।
प्रशिक्षण में जिला स्तर एवं विभिन्न तहसीलों तथा नगर निकायों से नामित नियमित सहायक भाग लेंगे। जिला स्तर से श्री देवकरण निर्वाण एवं श्रीमती बिंदु चौधरी सहित अन्य कार्मिकों को नामित किया गया है।
वहीं चार्ज स्तर पर तहसील आमेट, भीम, देवगढ़, कुम्भलगढ़, नाथद्वारा, रेलमगरा, गढ़बोर, खमनोर, देलवाड़ा, कुंवारिया, सरदारगढ़ एवं राजसमन्द सहित विभिन्न नगरपालिकाओं एवं नगर परिषद से नियमित सहायकों को प्रशिक्षण हेतु नामित किया गया है।
इसी प्रकार से जनगणना अधिकारियों की प्रशिक्षण कार्यशाला दिनांक 16 फरवरी 2026 एवं 17 फरवरी 2026, प्रातः 9.30 बजे से जिला कलेक्ट्रेट सभागारमें आयोजित होगी।
प्रशिक्षण में जिला जनगणना अधिकारी नरेश बुनकर, उप जिला जनगणना अधिकारी डॉ पीयूष कुमार भण्डारी सहित जिला जनगणना सेल के सदस्य, नगर जनगणना अधिकारी, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के चार्ज जनगणना अधिकारी तथा अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी भाग लेंगे।
कलक्टर द्वारा सभी को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर प्रशिक्षण कार्यशाला में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर भाग लेना सुनिश्चित करें। यह प्रशिक्षण जनगणना कार्य को सुचारु, सटीक एवं समयबद्ध रूप से संपादित करने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
