दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने श्रीनाथजी के दर्शन किए, कहा सौभाग्य का अनुभव
राजसमंद |पुष्टिमार्गीय वल्लभ संप्रदाय की प्रधानपीठ श्रीनाथजी मंदिर में रविवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दर्शन किए। उदयपुर में मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ निजी कार्यक्रम में शामिल होने आईं मुख्यमंत्री सुबह नाथद्वारा पहुंचीं और प्रभु श्रीनाथजी की श्रृंगार झांकी के दर्शन कर भावविभोर हो गईं।
दर्शन के पश्चात मंदिर परंपरा के अनुसार अधिकारी सुधाकर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री को उपरना और रजाई ओढ़ाकर श्रीनाथजी का प्रसाद भेंट किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री आशीष सुद, समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह, विधायक नवीन शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का भी सम्मान किया गया।
मौके पर सहायक अधिकारी अनिल सनाढ्य, तिलकायत सचिव लीलाधर पुरोहित, सीईओ जितेंद्र पांडेय, कलेक्टर अरुण कुमार और एसपी ममता गुप्ता सहित मंदिर प्रशासन के अधिकारी व सेवादार उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि श्रीनाथजी के दर्शन कर स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस कर रही हूं और दर्शन से उन्हें अत्यंत शांति का अनुभव हुआ। उन्होंने कहा कि राजस्थान त्याग और बलिदान की भूमि है तथा दिल्ली में निवास करने वाले राजस्थान के परिवारों के साथ सदैव जुड़कर कार्य करने का विश्वास दिलाया।
दर्शनों के उपरांत मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से पुनः उदयपुर के लिए रवाना हो गईं।
