जिला कलक्टर ने देवगढ़ में उप जिला चिकित्सालय का किया निरीक्षण

राजसमंद,। जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने सोमवार को देवगढ़ स्थित उप जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एसपी ममता गुप्ता सहित सीएमएचओ डॉ हेमंत बिंदल एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी आदि मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने अस्पताल परिसर, ओपीडी, आईपीडी, दवा वितरण काउंटर, जांच सुविधा तथा अन्य विभागों का बारीकी से अवलोकन किया और स्टाफ से चर्चा कर कार्यप्रणाली को देखा।

कलक्टर ने अस्पताल में उपस्थित चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ सेवा भाव से व्यवहार करें और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करें। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा चलायी जा रही चिकित्सा योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने विशेष रूप से कई बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना एवं निशुल्क जांच योजना का समुचित क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि अस्पताल में साफ-सफाई, बैठने की उचित व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं का ध्यान रखा जाए। ओपीडी एवं आईपीडी सेवाएँ की समीक्षा करते हुए कहा कि मरीजों को समयबद्ध प्रक्रिया से परामर्श और उपचार उपलब्ध हो, इसमें किसी प्रकार की परेशानी न हो।

राज्य सरकार की योजनाएँ जैसे-मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना सहित अन्य स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मरीजों तक पहुँचाने के लिए स्टाफ को जागरूक और सक्रिय रहने को कहा गया।

जिला कलक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना और मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा देना प्रशासन की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कलक्टर ने अस्पताल में चल रही व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि टीम भावना और सेवा भावना से कार्य कर जनहित में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

Next Story