देवथड़ी स्थित भैरुनाथ नर्सरी पहुंचे वन मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के कार्यों को सराहा

देवथड़ी स्थित भैरुनाथ नर्सरी पहुंचे वन मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के कार्यों को सराहा
X

राजसमन्द । वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने रविवार को भैरुनाथ नर्सरी देवथड़ी पहुंचे और पर्यावरण प्रेमी नारायण लाल कुमावत द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए गए अभिनव कार्यों का अवलोकन किया।

कुमावत ने बताया कि वे पिछले 25 वर्षों से सरकारी भूमि पर निजी खर्च कर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा लगाए गए 1 लाख 58 हजार पेड जीवित है, इस वर्ष 50 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य है जिसमें लगभग आधे लगाए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि इस स्थान के अलावा भी अन्य कई स्थानों पर वे सघन पौधारोपण कर चुके हैं। साथ ही 15 पॉण्ड बनाकर जल संरक्षण के क्षेत्र में भी कार्य किए गए हैं। साथ ही वन्य जीवों के लिए वॉटर बॉडी भी बनाई गई है। 600 मिट्टी के परिंडे लगाए गए हैं जिनमें सतत जल सप्लाई होती है। वन्य जीवों के लिए फलीय वृक्ष भी लगाए गए हैं।

इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री संजय शर्मा ने यहाँ मंदिर में प्रभु श्री भैरव जी के दर्शन किए। साथ ही पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस दौरान कुंभलगढ़ विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल, सीसीएफ सेडुराम यादव, उप वन संरक्षक कस्तूरी प्रशांत सुले, एसीएफ श्रीकिशन चौधरी, एसीएफ छोगाराम जाट, क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रेमचंद कुमावत, लादूलाल शर्मा, समाजसेवी कुबेर सिंह आदि उपस्थित रहे।

Next Story