राजसमंद को अलविदा: निवर्तमान जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा को दी गई भावभीनी विदाई, 9 महीने का कार्यकाल रहा बेमिसाल

राजसमंद: राजसमंद जिले में आज निवर्तमान जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा को भावभीनी विदाई दी गई। हाल ही में राज्य सरकार द्वारा जारी 62 आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची में उनका नाम आने के बाद, राजसमंद में कार्यरत कर्मचारियों और उच्च अधिकारियों ने माला पहनाकर और उपर्ना ओढ़ाकर उनका स्वागत-अभिनंदन किया और उन्हें विदाई दी।

इस अवसर पर कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने अपने 9 महीने के कार्यकाल को याद करते हुए कहा, "9 महीने का कार्यकाल बहुत अच्छा रहा, पता ही नहीं चला किस तरह निकल गए।" उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्होंने बहुत कम अवकाश लिए और लगभग लगातार काम किया।

राज्य सरकार ने रविवार को जारी तबादला सूची में राजसमंद कलेक्टर के पद पर अरुण कुमार हसीजा को नियुक्त किया है, जो इससे पहले आयुक्त नगर निगम, जयपुर हेरिटेज जयपुर एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के पद पर कार्यरत थे। वहीं, बालमुकुंद असावा को अब जयपुर में सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) में संयुक्त शासन सचिव बनाया गया है।

राजसमंद से लंबा जुड़ाव और नवाचारों भरा कार्यकाल

कलेक्टर बालमुकुंद असावा का राजसमंद जिले से पहले भी लंबा जुड़ाव रहा है। वह उपखंड अधिकारी के रूप में राजसमंद में दो बार और नाथद्वारा में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने मंदिर मंडल नाथद्वारा में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद पर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 9 माह पूर्व उन्होंने कलेक्टर के पद पर राजसमंद में पदभार संभाला था।

अपने नौ माह के छोटे से कार्यकाल में भी कलेक्टर असावा ने जिले में कई महत्वपूर्ण नवाचार किए। उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए "मिशन मोड" पर कार्य किया, जिसके परिणामस्वरूप राजसमंद प्रदेश में कई बार प्रथम स्थान प्राप्त कर चुका है। उनकी कार्यशैली और जनसहभागिता के साथ किए गए नए नवाचारों को राजसमंद के लोग हमेशा याद रखेंगे।

Next Story