राजसमंद के द्वारकेश वाटिका में ‘राजसखी मेला’ का शुभारंभ

राजसमंद के द्वारकेश वाटिका में ‘राजसखी मेला’ का शुभारंभ
X

राजसमंद। होली पर्व के अवसर पर जिले में “राजसमंद राजसखी मेला” का शुभारंभ रविवार से द्वारकेश वाटिका में हुआ। यह मेला 22 से 28 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता, सीईओ ब्रजमोहन बैरवा, भाजपा जिलाध्यक्ष जगदीश चन्द्र पालीवाल सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में राजीविका की सुमन अजमेरा एवं कार्मिकों ने अतिथियों का स्वागत किया। शुभारंभ अवसर पर महिलाओं ने राजस्थानी लोकनृत्य एवं भवई नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां देकर माहौल को रंगीन बना दिया।

मेले की थीम: “होली के रंग – राजीविका के संग”

आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके हस्तनिर्मित उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना है। मेले में प्रदेशभर के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित 100 से अधिक प्रकार के उत्पाद प्रदर्शित एवं विक्रय के लिए उपलब्ध हैं।

होली विशेष गिफ्ट हैम्पर और उत्पाद

होली को ध्यान में रखते हुए विशेष गिफ्ट हैम्पर भी तैयार किए गए हैं। इनमें शामिल प्रमुख आकर्षण हैं:

हर्बल गुलाल, चकरी, मटकी और ठंडाई

पलाश से बना केसरिया रंग और गुलाब शरबत

गोट मिल्क सोप (बकरी के दूध का साबुन) एवं पारंपरिक सामग्री

विशेष ऑफर: मेले में दो हर्बल गुलाल के पैकेट मात्र 70 रुपये में उपलब्ध हैं।

यह आयोजन राजीविका एवं जिला प्रशासन, राजसमंद के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजकों ने आमजन से अपील की है कि वे मेले में पहुंचकर ग्रामीण महिलाओं के उत्पाद खरीदें और उनके आत्मनिर्भर बनने के प्रयास को प्रोत्साहित करें। मेले में जिले के सातों ब्लॉकों की सैकड़ों राजसखी महिलाएं एवं अतिथि उपस्थित रहे, जिससे पूरा परिसर उत्साह और उमंग से भर उठा।

Next Story