राष्ट्रीय मंच पर मण्डावर सरपंच सम्मानित, ‘आउटस्टैंडिंग लीडर अवार्ड’ मिला

राजसमंद। महिला नेतृत्व को सशक्त मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित नेशनल वूमेन असेंबली समिट 2025 में देशभर की राजनीति में सक्रिय शीर्ष 100 सांसद, विधायक, सरपंच व महिला प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस राष्ट्रीय आयोजन में राजसमंद जिले के भीम पंचायत समिति अंतर्गत ग्राम पंचायत मण्डावर की सरपंच प्यारी कुमारी चौहान को उनके प्रभावशाली नेतृत्व, ग्रामीण विकास में नवाचार और महिला सशक्तिकरण के उल्लेखनीय कार्यों के लिए 'आउटस्टैंडिंग लीडर अवार्ड' से सम्मानित किया गया।
मानसरोवर जयपुर में आयोजित वुमन समिट 14 दिसंबर 2025 क जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से सभी प्रमुख राजनीतिक दलों की सांसद, विधायक, जिला प्रमुख, प्रधान एवं सरपंच सहित चयनित 100 श्रेष्ठ महिला जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन फोकस भारत द्वारा किया गया। सरपंच प्यारी कुमारी चौहान का चयन जमीनी स्तर पर विकास कार्यों, पारदर्शी प्रशासन, जनसहभागिता, महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में किए गए प्रभावी प्रयासों के आधार पर किया गया। उनके नेतृत्व में ग्राम पंचायत मण्डावर ने विकास और सुशासन के नए उदाहरण प्रस्तुत किए हैं।
राजसमंद जिले के लिए गौरव का अवसर
इस सम्मान से न केवल ग्राम पंचायत मण्डावर बल्कि पूरे राजसमंद जिले को राष्ट्रीय स्तर पर गौरव प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि यह दर्शाती है कि सशक्त सोच और समर्पित नेतृत्व के बल पर ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं भी राष्ट्रीय पहचान बना सकती हैं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद सरपंच प्यारी कुमारी चौहान ने कहा की 'यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि मण्डावर व क्षेत्र की जनता, पंचायत टीम, महिलाओं और परिवार के सहयोग का परिणाम है। यह अवार्ड मुझे गांव के सर्वांगीण विकास और महिला सशक्तिकरण के लिए और अधिक प्रतिबद्ध होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है।'
समिट के दौरान वक्ताओं ने महिला आरक्षण, नीति निर्माण में महिलाओं की भूमिका, स्थानीय स्वशासन को मजबूत करने और लोकतंत्र में महिलाओं की निर्णायक भागीदारी जैसे विषयों पर विचार साझा किए। इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों से आई सांसद व विधायको से अनुभव साझा करने का अवसर मिला।
