राजसमंद कलेक्ट्रेट बना राजनीति का अखाड़ा: हमले के मामले में पुलिस कार्रवाई पर आर-पार

राजसमंद कलेक्ट्रेट बना राजनीति का अखाड़ा: हमले के मामले में पुलिस कार्रवाई पर आर-पार
X

राजसमंद । जिला कलेक्ट्रेट इन दिनों पूरी तरह राजनीति का केंद्र बन गया है। दरीबा खान यूनियन के मजदूर नेता नरहरि देव सिंह पर करीब चार माह पूर्व हुए हमले का मामला एक बार फिर गरमा गया है, जिसके चलते कलेक्ट्रेट में दो दिनों से भारी गहमागहमी का माहौल है। शुक्रवार को जहां पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध की आवाजें उठीं, वहीं शनिवार को तस्वीर पूरी तरह बदली नजर आई और पुलिस की कार्रवाई का जोरदार स्वागत किया गया।

गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस का हल्लाबोल

विवाद की शुरुआत गुरुवार को हुई जब रेलमगरा पुलिस ने इंटक नेता प्रभु लाल जाट सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नाथद्वारा पुलिस उप अधीक्षक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे एकतरफा बताया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

शनिवार को भाजपा और समर्थकों का धन्यवाद प्रदर्शन

ठीक एक दिन बाद शनिवार को समीकरण पूरी तरह उलट गए। पुलिस कार्रवाई के समर्थन में नीरू बन्ना और भाजपा नेताओं के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे। समर्थकों ने पुलिस प्रशासन के पक्ष में नारेबाजी की और जिला कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को समर्थन पत्र सौंपकर त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

मजदूर और ग्रामीणों की सक्रियता

कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि क्षेत्र में भय मुक्त वातावरण के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आवश्यक है। इस दौरान बड़ी संख्या में खान मजदूर, स्थानीय ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। एक ही प्रकरण में पक्ष और विपक्ष के आमने-सामने आने से जिले की सियासी सरगर्मी सातवें आसमान पर पहुंच गई है।

Tags

Next Story