दिल्ली में तरुण खटीक की हत्या पर राजसमंद में उबाल, खटीक समाज ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

राजसमंद । दिल्ली में होली के पर्व पर हुए विवाद के दौरान तरुण खटीक की निर्मम हत्या के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर राजसमंद के खटीक समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। सोमवार को खटीक समाज राजनगर के बैनर तले बड़ी संख्या में समाजजन एकत्रित होकर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को 6 सूत्री मांग पत्र सौंपा।
समाज के प्रतिनिधियों ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि इस जघन्य हत्याकांड ने पूरे देश के खटीक समाज को झकझोर कर रख दिया है। ज्ञापन में मांग की गई है कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए और दोषियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा दी जाए। साथ ही पीड़ित परिवार की सुरक्षा और भविष्य को देखते हुए आश्रितों को उचित आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी पुरजोर मांग की गई है।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो समाज को उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस दौरान समाज के प्रमुख पदाधिकारी और युवा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
