राजसमंद: पेयजल संकट को लेकर महिलाओं का फूटा गुस्सा, जलदाय विभाग में मटकी फोड़ प्रदर्शन

राजसमंद (हलचल)। जिला मुख्यालय के किशोर नगर क्षेत्र में गहराते पेयजल संकट ने अब उग्र रूप ले लिया है। पिछले एक सप्ताह से बूंद-बूंद पानी को तरस रही क्षेत्र की महिलाओं ने गुरुवार को जलदाय विभाग (PHED) कार्यालय का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित महिलाओं ने विभाग के बाहर मटकी फोड़कर और धरने पर बैठकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
निवर्तमान पार्षद आशीष पालीवाल के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि क्षेत्र में पिछले सात दिनों से नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है, जिससे दैनिक कार्यों के लिए भी पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
खुले गड्ढे बने मुसीबत का सबब
महिलाओं ने जलदाय विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विभाग द्वारा जगह-जगह पाइपलाइन के लिए गड्ढे तो खोद दिए गए, लेकिन उन्हें लंबे समय से भरा नहीं गया है। इन खुले गड्ढों के कारण स्थानीय निवासी और बेसहारा पशु आए दिन चोटिल हो रहे हैं। इससे क्षेत्र में बड़ी दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है।
अधिकारियों ने दिया आश्वासन
हंगामे की सूचना मिलते ही जलदाय विभाग के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विश्वास दिलाया कि जब तक नियमित सप्लाई बहाल नहीं होती, तब तक टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, उन्होंने शहर में खुले पड़े गड्ढों को भी शीघ्र भरवाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद महिलाएं शांत हुईं।
