देवगढ़ में सनसनी: महिला की अधजली लाश घर के पीछे दफन मिली, पति ने लगाया हत्या का आरोप

देवगढ़/राजसमंद (राहुल आचार्य) । देवगढ़ थाना क्षेत्र की मंडावर पंचायत के कांनयातों की गुहार में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ सोहनी देवी पत्नी शेर सिंह नामक एक महिला की अधजली लाश उसके घर के पीछे एक बाड़े में दफन मिली है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
इस गंभीर घटना की सूचना मिलते ही राजसमंद के पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी, पुलिस उप अधीक्षक महेंद्र पारीक, भीम के पुलिस उपाधीक्षक पारसमल चौधरी और देवगढ़ थाना अधिकारी अनिल कुमार बिश्नोई तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और गहन जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों की सूचना पर देवगढ़ पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर देवगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद गांव में मातम छाया हुआ है।
क्या है पूरा मामला?
मृतका के पति शेर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 31 मई, 2025 को दोपहर करीब 12 बजे वह नरेगा में काम करके घर लौटे थे। खाना खाने के बाद वह और उनकी पत्नी सोहनी देवी सो गए। शाम करीब 7:30 बजे, जब वह अपने बड़े भाई हेम सिंह के घर पर थे, तब मनोहर सिंह पुत्र अर्जुन सिंह रावत (निवासी कांनयातों की गुआर, मंडावर) उनके पास आए। शेर सिंह ने मनोहर सिंह को खाना खाने और अपने घर चलने को कहा। मनोहर सिंह ने उनके भतीजे संतोष सिंह को भी बाहर बुलाया, और फिर शेर सिंह, संतोष सिंह और मनोहर सिंह, सभी मनोहर सिंह के साथ उसके बाड़े में गए।
शेर सिंह के अनुसार, मनोहर सिंह के बाड़े में एक गड्ढा खुदा हुआ था, जिसमें से एक हाथ का पंजा बाहर निकला हुआ दिख रहा था। मनोहर सिंह ने उनसे पूछा कि यह क्या है, जिसके बाद उन्होंने मिट्टी हटाई तो आधी जली हुई लाश नजर आई। यह देखते ही उन्होंने गांव के लोगों को सूचना दी और फिर पुलिस को बुलाया।
शव की पहचान और पति के गंभीर आरोप
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गड्ढे से अधजली लाश को बाहर निकलवाया। शेर सिंह ने बताया कि लाश का दायाँ हाथ और दोनों पैर घुटनों के नीचे से गायब थे, सिर्फ हड्डियों का ढाँचा नजर आ रहा था। बाएँ हाथ में एक कड़ा और दो अधजली चूड़ियाँ पहनी हुई थीं। लाश निकालते समय चांदी का पैर का कड़ा भी मिला। शेर सिंह और गाँव के अन्य लोगों ने इन निशानों के आधार पर अधजली लाश की पहचान अपनी पत्नी सोहनी देवी के रूप में की।
शेर सिंह ने अपनी पत्नी की हत्या की आशंका जताते हुए मनोहर सिंह पुत्र अर्जुन सिंह रावत, उसकी माता शावरी देवी और उसके परिजनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि इन लोगों ने मिलकर उनकी पत्नी की हत्या कर, उसे जलाकर और फिर लाश को अपने घर के बाड़े में खोदकर दबा दिया।
पुलिस का बयान:
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजसमंद महेंद्र पारिख ने बताया कि महिला की हत्या के मामले में प्रथम दृष्टया हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी गई है। एफएसएल और फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है, साथ ही मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम भी करवा दिया गया है। मामले का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।