राजसमंद में गोल्ड शोरूम लूट के मुख्य आरोपी की रिमांड खत्म, फिर भेजा जाएगा संबलपुर जेल
राजसमंद। जिले के कांकरोली थाना क्षेत्र में वर्ष 2023 के बहुचर्चित रूपम गोल्ड शोरूम लूट प्रकरण में मुख्य आरोपी सुबोध सिंह की पांच दिन की पुलिस रिमांड अवधि समाप्त हो गई है। रिमांड खत्म होने पर कांकरोली पुलिस ने आरोपी को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान सुबोध सिंह का नाम सामने आया था। इसके बाद उसे प्रोडक्शन वारंट पर संबलपुर जेल से राजसमंद लाया गया। आरोपी की गिरफ्तारी में सब इंस्पेक्टर अक्षय कुमार की अहम भूमिका बताई गई है।
रिमांड के दौरान पुलिस ने सुबोध सिंह से वारदात से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर गहन पूछताछ की। साथ ही अन्य आरोपी सौरव तिवारी के संबंध में भी जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सुबोध सिंह वर्ष 2018 से जेल में बंद है और उसके खिलाफ देशभर में हत्या, लूट सहित विभिन्न धाराओं में करीब 42 मामले दर्ज हैं।
कांकरोली थाना अधिकारी सरोज बैरवा ने बताया कि रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को पुनः संबलपुर जेल दाखिल कराया जाएगा। मामले की जांच आगे भी जारी रहेगी।
