कांग्रेस पर बरसे केंद्रीय राज्य मंत्री बघेल, बोले- आपातकाल में संविधान की हत्या की

कांग्रेस पर बरसे केंद्रीय राज्य मंत्री बघेल, बोले- आपातकाल में संविधान की हत्या की
X

राजसमंद, सोमवार: केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी बघेल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में कांग्रेस ने आपातकाल लागू कर देश के नागरिकों के साथ घोर अन्याय किया और लोकतंत्र व संविधान की हत्या की। बघेल ने यह बयान राजसमंद में भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान दिया, जहां वे नाथद्वारा दर्शन के बाद चित्तौड़ जा रहे थे।

राजसमंद में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मान सिंह बारहठ के निजी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने मेवाड़ी पगड़ी और इकलाई पहनाकर केंद्रीय राज्य मंत्री का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं और मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए बघेल ने आपातकाल को 'लोकतंत्र और संविधान की हत्या' करार दिया। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं को पकड़कर जेल में डाला गया और अनेकों यातनाएं दी गईं, जिसका परिणाम कांग्रेस को चुनाव में करारी हार के रूप में भुगतना पड़ा।

बघेल ने भाजपा की प्रशंसा करते हुए कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसका हर छोटा-बड़ा कार्यकर्ता 'भारत माता की जय' का नारा लगाता है और हर कार्यक्रम में 'भारत माता की जय' की जाती है।

इस अवसर पर चित्तौड़ भाजपा जिलाध्यक्ष रत्न गायरी, पूर्व जिलाध्यक्ष मान सिंह बारहठ, वरिष्ठ भाजपा नेता महेश पालीवाल, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष जवाहर जाट, जिला मीडिया संयोजक नर्मदा शंकर पालीवाल, राजसमंद पंचायत समिति उपप्रधान सुरेश कुमावत, नगर परिषद राजसमंद के नेता प्रतिपक्ष हिम्मत कुमावत, प्रदीप खत्री, भेरूलाल नंदवाना, विनोद जोशी, विकास पालीवाल, सत्यदेव सिंह चारण, भवानी जोशी, गिरीश पालीवाल, प्रमोद सेन, भेरूलाल कुमावत, धीरज पुरोहित, संजय प्रजापत, शांतिलाल पालीवाल, देशबंधु रांका सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Tags

Next Story