जमाबंदी में 44 साल बाद सही हुआ नाम तो अमर सिंह के छलक उठे आँसू

राजसमंद। राज्य सरकार द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा-2025 अनेक लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लेकर आया है। जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा के नेतृत्व में जिले में इन शिविरों का सफल संचालन सुनिश्चित हो रहा है।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा अंतर्गत पिपलांत्री ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर में उमठी ग्राम निवासी अमर सिंह को बड़ी राहत मिली। अमर सिंह का नाम पिछले 44 वर्षों से जमाबंदी में गलत दर्ज था। जब अधिकारियों ने मौके पर ही जमाबंदी में नाम सही कर अमर सिंह को सौंपा तो उसकी खुशी का ठिकाना न रहा और उसके आँसू छलक उठे। उन्होंने तहे दिल से मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का इन शिविरों के लिए आभार जताया।

उपखंड अधिकारी बृजेश गुप्ता ने बताया कि अमर सिंह के पिता का निधन वर्ष 1980 में हो गया था। उस समय अमर सिंह की उम्र मात्र छह महीने थी। विरासत नामांतरण के समय गलती से अमर सिंह का नाम गुलाब सिंह दर्ज कर दिया गया। परिवार जनों ने विद्यालय में सही नाम अमर सिंह ही दर्ज कराया और आगे की सभी शैक्षणिक, पहचान एवं अन्य दस्तावेजों में अमर सिंह नाम से ही रिकॉर्ड रहा।

लेकिन जमाबंदी नकल में लगातार 44 साल तक गलत नाम ‘गुलाब सिंह’ दर्ज रहने के कारण उन्हें समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। पिपलांत्री पंचायत के इस शिविर में प्रार्थी द्वारा प्रस्तुत प्रकरण का त्वरित निस्तारण कर उनके नाम को शुद्ध कर ‘अमर सिंह’ किया गया। इस कार्रवाई से अमर सिंह को बड़ी राहत मिली।

अमर सिंह ने इस त्वरित समाधान के लिए राज्य सरकार का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 44 वर्षों से चली आ रही इस गलती को सुधारने में उन्हें अब तक कहीं से कोई सहायता नहीं मिल पाई थी। लेकिन राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा के तहत लगाए गए इस शिविर में उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान बहुत ही सरलता और तत्परता से कर दिया गया।

अमर सिंह ने कहा कि यह शिविर वास्तव में उन लोगों के लिए एक वरदान है जो वर्षों से अपनी समस्याओं को लेकर भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उनका मौके पर समाधान कर रही है, जो एक सराहनीय पहल है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी प्रयास के लिए मुख्यमंत्री, उपखंड अधिकारी, तहसीलदार एवं सभी प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की यही संवेदनशीलता गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों की सच्ची ताकत बनेगी।

शिविर में सरपंच अनीता पालीवाल, उपखंड अधिकारी बृजेश गुप्ता, सहायक निदेशक लोक सेवाएं लतिका पालीवाल, तहसीलदार विजय रैगर, आइएलआर दीपिका, पटवारी नीरज आदि मौजूद रहे।

Tags

Next Story