माउंट आबू में शरद महोत्सव 2025 का भव्य आगाज

X

माउंट आबू (सिरोही) राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में आज से तीन दिवसीय शरद महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हो गया। यह महोत्सव जिला प्रशासन सिरोही, नगर पालिका, आबू पर्वत एवं पर्यटन विभाग राजस्थान द्वारा आयोजित किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह की शुरुआत भव्य शोभा यात्रा के साथ हुई, जिसने शहर की सड़कों को उत्सव के रंगों से सराबोर कर दिया।

शानदार शोभा यात्रा और सांस्कृतिक छटा

माउंट आबू उपखंड अधिकारी डॉ. अंशु प्रिया ने हरी झंडी दिखाकर महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया। शोभा यात्रा के साथ ही शहर की सड़कों पर राजस्थानी लोक संस्कृति के विविध रंगों की झलक देखने को मिली।

देश के विभिन्न हिस्सों से आए लोक कलाकारों ने अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। ढोल-नगाड़ों की थाप और पारंपरिक लोक नृत्यों ने पर्यटकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। देश-विदेश से आए पर्यटक कलाकारों के साथ आनंद लेते नजर आए।

प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी

उद्घाटन समारोह में प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसमें मुख्य रूप से डॉ. अंशु प्रिया, विधायक समाराम गरासिया, नगर पालिका आयुक्त आशुतोष आचार्य, माउंट आबू नगर मंडल अध्यक्ष अक्षय चौहान, पूर्व पार्षद सुनील आचार्य, मांगीलाल काबरा, साबिर कुरेशी, देवीलाल बामनिया, भाजपा नेता नरपत दान चारण, कांग्रेस नगर अध्यक्ष नारायण सिंह भाटी, पूर्व पार्षद तस्लीम बानो, पुलिस उपाधीक्षक गोमाराम चौधरी और थाना अधिकारी दलपत सिंह शामिल थे। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

शरद महोत्सव के दौरान नक्की झील और पोलो ग्राउंड में विभिन्न प्रतियोगिताएं, खेलकूद और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। कड़ाके की ठंड के बावजूद भारी संख्या में पर्यटक महोत्सव का लुत्फ उठाने माउंट आबू पहुंच रहे हैं। यह महोत्सव न केवल स्थानीय संस्कृति को प्रदर्शित करता है बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा देता है।

Tags

Next Story