अजीबोगरीब आत्महत्या: मोटरसाइकिल के हैंडल से फंदा लगा युवक ने दी जान

श्रीगंगानगर। जिले के चूनावढ़ थाना क्षेत्र के चक 20 जीजी में एक दिल दहला देने वाली और बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ 38 वर्षीय युवक जगमीत सिंह मजहबी सिख ने अपनी ही मोटरसाइकिल के हैंडल का सहारा लेकर मौत को गले लगा लिया। घटना की स्थिति इतनी असामान्य थी कि पहली नजर में यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट ने इसे आत्महत्या करार दिया है।

दृश्य देख दंग रह गए ग्रामीण और परिजन

मंगलवार सुबह जब जगमीत की मां मनजीत कौर नींद से जागीं, तो घर के बाहर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जगमीत का शव घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल के हैंडल से बंधी रस्सी के फंदे पर लटका था। चौंकाने वाली बात यह थी कि जगमीत के दोनों घुटने जमीन पर टिके हुए थे। सूचना पर थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस ज्ञानेंद्र भारती एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए।

पारिवारिक कलह और अवसाद बनी वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि जगमीत पिछले तीन साल से गहरे मानसिक तनाव में था। उसकी पत्नी प्रीत मनमुटाव के कारण अपनी बेटी को लेकर पीहर चली गई थी, जबकि 10 वर्षीय बेटा जगमीत के साथ ही रहता था। जगमीत अपनी पत्नी को वापस लाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कामयाबी नहीं मिलने पर वह शराब का आदी हो गया था। सोमवार रात भी वह शराब पीकर घर लौटा था और संभवतः इसी हताशा में उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

मौत का तरीका बना चर्चा का विषय

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर दीवार में ऊंचाई पर सरिया लगा हुआ था, जिसका उपयोग फंदे के लिए किया जा सकता था। बावजूद इसके, जगमीत ने मोटरसाइकिल के हैंडल को चुना। उसने रस्सी का एक सिरा गले और दूसरा हैंडल से बांधकर घुटनों के बल बैठकर जोर का झटका दिया। डॉक्टरों के अनुसार, इस झटके से उसकी गर्दन की 'हाइड बॉन' टूट गई, जिससे तत्काल मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने मृतक के भाई हरमीत सिंह की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Tags

Next Story