ग्राहक बनकर आई तीन महिलाओं ने स्वर्णकार दंपति को चकमा देकर चुराई 250 ग्राम चांदी की दो पाजेब जोड़ियां

ग्राहक बनकर आई तीन महिलाओं ने स्वर्णकार दंपति को चकमा देकर चुराई 250 ग्राम चांदी की दो पाजेब जोड़ियां
X

श्रीगंगानगर । श्रीगंगानगर में पुरानी आबादी थाना क्षेत्र के उदाराम चौक मार्ग स्थित हैरी ज्वैलर्स नामक स्वर्णकार की दुकान पर तीन महिलाओं ने ग्राहक का रूप धरकर दुकानदार दंपति को चकमा देते हुए 250 ग्राम वजनी चांदी की दो पाजेब जोड़ियां चोरी कर लीं। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी तरह कैद हो गई है।

दुकान मालिक परमजीतसिंह ने बताया कि सबसे पहले दो महिलाएं दुकान में आईं। लगभग दो मिनट बाद तीसरी महिला भी आ गई। उस समय दुकान पर उनकी पत्नी गुरजीतकौर बैठी हुई थीं। महिलाओं ने भारी वजन की पाजेब जोड़ियां दिखाने की मांग की। गुरजीतकौर उन्हें पाजेब दिखा रही थीं, तभी वह खुद भी दुकान में आ गया और वह भी महिलाओं को सामान दिखाने लगे।

परमजीतसिंह के अनुसार इसी दौरान दो महिलाओं ने काउंटर के नीचे रखे अपने बैग में चालाकी से दो भारी पाजेब जोड़ियां गिरा दीं, जो सीधे बैग में जा गिरीं। इसके बाद उन्होंने बैग को पीछे सीट पर रख दिया ताकि किसी को शक न हो। तीनों महिलाएं करीब 10 मिनट तक दुकान में रहीं। इस दौरान एक पुरुष भी दुकान में आया, लेकिन कुछ ही सेकंड बाद बाहर निकल गया और सड़क के दूसरी तरफ खड़ा हो गया। जिस महिला ने सबसे बाद में दुकान में प्रवेश किया था, वह सबसे पहले बिना कोई खरीदारी किए चली गई। उसके कुछ देर बाद बाकी दो महिलाएं भी बिना कुछ खरीदे दुकान से निकल गईं। करीब 15 मिनट बाद जब उसे एहसास हुआ कि दो वजनी पाजेब जोड़ियां गायब हैं, तब सीसीटीवी फुटेज चेक की। फुटेज में महिलाओं की पूरी करतूत साफ दिखाई दी।दुकानदार ने बताया कि चोरी हुई दो पाजेब जोड़ियां कुल 250 ग्राम-प्रत्येक जोड़ी 125 ग्राम की थीं, जिनकी अनुमानित कीमत 60 से 70 हजार रुपये है। घटना के तुरंत बाद उन्होंने इधर-उधर काफी खोजबीन की, लेकिन महिलाएं गायब हो चुकी थीं। आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी तीन दिन तक चेक की गई, लेकिन तीनों महिलाएं दुकान से कुछ दूरी पर स्थित एक चौराहे के पास से अचानक गायब हो गईं।

आशंका जताई जा रही है कि इन तीनों महिलाओं के साथ एक पुरुष भी शामिल था, जो संभवतः कार में बाहर इंतजार कर रहा था। कार को दुकान से दो-तीन गली आगे पार्क किया गया था, जिसमें वारदात के बाद सभी फरार हो गए। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार की पहचान करने में जुटी हुई है।परमजीतसिंह ने 21 फरवरी की दोपहर 3:30 बजे हुई इस घटना की सूचना तत्काल पुरानी आबादी थाने में दी, लेकिन मुकदमा कल शाम को दर्ज किया गया। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक महेंद्रपाल कर रहे हैं। पुलिस ने सभी सीसीटीवी फुटेज से तीनों महिलाओं तथा संदिग्ध पुरुष की तलाश शुरू कर दी है।

Tags

Next Story