सीकर: महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष चर्चा, विशेषज्ञों ने कहा— 'शर्म छोड़ो, स्वास्थ्य चुनो'

सीकर । श्री दिगंबर जैन महिला महासमिति एवं एमआरएम जीवन संजीवनी हेल्थ एंड वेलनेस एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में नारायणा हॉस्पिटल, जयपुर के सहयोग से एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। "शर्म छोड़ो, स्वास्थ्य चुनो" विषय पर आधारित इस संगोष्ठी में महिलाओं को अपनी शारीरिक समस्याओं पर खुलकर बात करने के लिए प्रेरित किया गया।
महासमिति की अध्यक्ष सुमन बडजात्या एवं मंत्री विनीता काला ने बताया कि कार्यक्रम की मुख्य वक्ता जयपुर की वरिष्ठ यूरोगाइनेकोलॉजिस्ट और रोबोटिक पेल्विक रिकंस्ट्रक्टिव सर्जन डॉ. इंदिरा सरीन थीं। डॉ. सरीन ने वर्तमान समय में अनहाइजीनिक खान-पान और बदलती जीवनशैली के कारण महिलाओं में बढ़ रही गंभीर बीमारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका लगातार सशक्त हो रही है, लेकिन वे अक्सर अपने स्वास्थ्य की अनदेखी करती हैं। स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय पर डॉक्टरी परामर्श अनिवार्य है।
चर्चा के दौरान उपस्थित महिलाओं ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को साझा किया, जिस पर डॉ. सरीन ने उचित चिकित्सकीय सुझाव दिए। कार्यक्रम में महासमिति की पूर्व अध्यक्षों, समस्त कार्यकारिणी सदस्यों सहित मार्केटिंग सेल्स मैनेजर विकास शर्मा, कोऑर्डिनेटर अजय चौधरी, रोहित माथुर और प्रियंक जैन उपस्थित रहे। महासमिति द्वारा डॉक्टर व उनकी टीम का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। अंत में सुमन बडजात्या, विनीता काला और रोहित माथुर ने सभी का आभार व्यक्त किया।
