सिरोही में बड़ा सड़क हादसा, ट्रेलर और कार की टक्कर से लगी आग

सिरोही। सिरोही से बड़ी खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार और ट्रेलर दोनों सड़क किनारे लगे नीम के पेड़ से जा टकराए, वहीं एक विद्युत पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के तुरंत बाद कार और ट्रेलर के पिछले हिस्से में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार में सवार स्कूली छात्रों को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दुर्घटना में छात्रों को चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक ने बिना संकेत दिए अचानक कार मोड़ दी, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने कार को सीधी टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। वहीं फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया, जिसने आग बुझाने का प्रयास किया। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।
