शिक्षक भर्ती-2022: SOG की बड़ी कार्रवाई, 5 इनामी डमी अभ्यर्थी गिरफ्तार

शिक्षक भर्ती-2022: SOG की बड़ी कार्रवाई, 5 इनामी डमी अभ्यर्थी गिरफ्तार
X


जयपुर। माध्यमिक शिक्षा द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती-2022 में फर्जीवाड़ा करने वालों पर स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने शिकंजा कस दिया है। SOG ने देश के अलग-अलग कोनों—अंडमान (पोर्ट ब्लेयर), कोलकाता, जालौर, कोटा और जयपुर में एक साथ दबिश देकर 10-10 हजार रुपये के पांच इनामी डमी परीक्षार्थियों को धर दबोचा है।

MBBS छात्र और सरकारी शिक्षक शामिल

एडीजी विशाल बंसल के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में तीन MBBS के छात्र और दो राजकीय शिक्षक शामिल हैं। एक अन्य संदिग्ध एमबीबीएस छात्र को कोलकाता से हिरासत में लेकर जयपुर लाया जा रहा है।

विशेष सॉफ्टवेयर से बेनकाब हुए चेहरे

डीआइजी परिस देशमुख ने बताया कि 24 दिसंबर 2022 को आयोजित परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद इसे 29 जनवरी 2023 को दोबारा कराया गया था। इस बार SOG ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया। विशेष सॉफ्टवेयर के जरिए परीक्षार्थियों की फोटो और डिजिटल डेटा का मिलान किया गया, जिससे डमी अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित हुई। एएसपी प्रकाश शर्मा की टीम ने मुखबिरों की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर यह गिरफ्तारी की।

गिरफ्तार डमी अभ्यर्थियों का विवरण:

महेश कुमार बिश्नोई (MBBS छात्र, जयपुर): दिनेश कुमार गोदारा की जगह उदयपुर में परीक्षा दी। सौदा: 3 लाख रुपये।

महिपाल बिश्नोई (MBBS छात्र, कोटा): सुरतराम मीणा की जगह कोटा में परीक्षा दी। सौदा: 5 लाख रुपये।

सही राम (MBBS छात्र, पोर्ट ब्लेयर): दिनेश कुमार की जगह उदयपुर में परीक्षा दी। सौदा: 3 लाख रुपये।

हनुमाना राम (राजकीय शिक्षक): अशोक कुमार बिश्नोई की जगह जोधपुर में परीक्षा दी। सौदा: 5 लाख रुपये।

निवास कुराडा (राजकीय शिक्षक): मनोहर सिंह बिश्नोई के स्थान पर उदयपुर में परीक्षा दी। सौदा: 5 लाख रुपये।

प्रिंस (संदिग्ध MBBS छात्र, कोलकाता): हिरासत में लिया गया, मनोहर सिंह बिश्नोई की जगह विज्ञान की परीक्षा दी थी।

Next Story