राजस्थान थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा का शेड्यूल जारी, जनवरी 2026 में चार दिन होगी परीक्षा

राजस्थान थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा का शेड्यूल जारी, जनवरी 2026 में चार दिन होगी परीक्षा
X


राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह परीक्षा 17, 18, 19 और 20 जनवरी 2026 को दो शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5.30 बजे तक होगी।

बोर्ड के अनुसार प्राइमरी टीचर लेवल 1 सामान्य शिक्षा का पेपर 17 जनवरी 2026 को सुबह की शिफ्ट में होगा। वहीं प्राइमरी टीचर लेवल 1 संस्कृत का पेपर 20 जनवरी 2026 को सुबह 10 से 12.30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। शेष तिथियों 18 और 19 जनवरी को उच्च प्राथमिक शिक्षक भर्ती लेवल 2 की परीक्षा होगी।




इस भर्ती के तहत थर्ड ग्रेड लेवल 1 और लेवल 2 के कुल 7759 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया नवंबर माह में पूरी कर ली गई थी। दोनों ही लेवल के लिए वही अभ्यर्थी पात्र थे, जिन्होंने रीट पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण की है। परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद मेरिट के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों को अंतिम पोस्टिंग दी जाएगी।

राजस्थान थर्ड ग्रेड लेवल 1 में कुल 5636 पद शामिल हैं, जबकि लेवल 2 में 2123 पदों पर भर्ती की जाएगी। लेवल 2 भर्ती में सबसे अधिक 1043 पद विज्ञान और गणित विषय के हैं। इसके अलावा संस्कृत के 389 पद, हिंदी के 174 पद, अंग्रेजी के 221 पद और सामाजिक विज्ञान के 296 पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं लेवल 1 में सामान्य शिक्षा के 5000 और संस्कृत शिक्षा के 636 पदों पर भर्ती की जाएगी।

Next Story