रोडवेज बस की टक्कर से NH 911 पर स्कूटी सवार तीन महिलाओं की मौत

रोडवेज बस की टक्कर से NH 911 पर स्कूटी सवार तीन महिलाओं की मौत
X

श्रीगंगानगर |रायसिंहनगर सोमवार को सड़क हादसों के चलते शोक में डूब गया। राष्ट्रीय राजमार्ग 911 पर 41 एनपी बस स्टैंड के पास स्कूटी पर सवार तीन महिलाओं को सामने से आ रही रोडवेज बस ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक दुर्घटना में तीनों की जान चली गई, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार चक 40 एनपी निवासी जीत सिंह की पुत्री सुमन अपनी भाभी रेशमा और भतीजी पिंकी के साथ स्कूटी पर रायसिंहनगर की ओर आ रही थी। जैसे ही वे 41 एनपी बस स्टैंड के पास मुड़ीं, तभी बीकानेर डिपो की रोडवेज बस ने उन्हें चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि बस करीब 50 फीट तक स्कूटी सहित महिलाओं को घसीटती चली गई। मौके पर ही सुमन और पिंकी की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल रेशमा को टोल नाके की एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में हालत बिगड़ने पर उन्हें गंगानगर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

एक ही परिवार की तीन महिलाओं की मौत से घर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। इसी दिन रायसिंहनगर के खिचिया मोड़ पर दो बाइकों की आमने सामने हुई टक्कर में भी एक युवक की जान चली गई, जिससे सोमवार को क्षेत्र के लिए हादसों से भरा दिन माना जा रहा है।

Next Story