थ्रेसर मशीन ने ली विधायक की बहन की जान! बीकानेर में ग्वार निकालते समय स्कार्फ फंसा, दिवाली से पहले मातम

बीकानेर : श्रीडूंगरगढ़ से भाजपा विधायक ताराचंद सारस्वत के परिवार पर दिवाली से ठीक पहले दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिले के गुसाईंसर बड़ा गांव में थ्रेसर मशीन से फसल (ग्वार) निकालते समय विधायक की 65 वर्षीय बहन दुर्गा देवी की दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्गा देवी (जिनका ससुराल रतनगढ़ के पास लधासर गांव में है) इन दिनों अपने पीहर गुसाईंसर बड़ा गांव आई हुई थीं। वह अपने छोटे भाई के खेत में थ्रेसर मशीन से ग्वार निकालने में मदद कर रही थीं।अचानक उनके चेहरे पर बंधा स्कार्फ मशीन के पंखे में फंस गया। स्कार्फ के खिंचाव से महिला का दम घुट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के तुरंत बाद परिजन उन्हें श्रीडूंगरगढ़ के उप जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
खुशियों की जगह छा गया मातम
इस दुखद घटना के कारण पीहर (गुसाईंसर बड़ा) और ससुराल (लधासर), दोनों ही गांवों में दीपावली के पर्व की खुशियां मातम में बदल गई हैं। विधायक ताराचंद सारस्वत की बहन की अचानक हुई इस मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
