टोंक: मस्जिद में इमाम ने मजदूर को पेट्रोल डालकर फूंका, जयपुर के SMS अस्पताल में मौत

टोंक: मस्जिद में इमाम ने मजदूर को पेट्रोल डालकर फूंका, जयपुर के SMS अस्पताल में मौत
X

कलमंडा (टोंक)। राजस्थान के टोंक जिले के डिग्गी मालपुरा स्थित कलमंडा गांव में एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। मस्जिद के इमाम ने मामूली कहासुनी के बाद नमाज पढ़ने आए एक मजदूर पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे मजदूर की जयपुर के एसएमएस (SMS) अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। आरोपी इमाम वारदात के बाद एक ग्रामीण की बाइक चोरी कर फरार हो गया है।

खाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

प्रत्यक्षदर्शी प्यारे मोहम्मद के अनुसार, विवाद की शुरुआत बुधवार, 18 मार्च को हुई थी। इमाम हाफिज अब्दुल रशीद बचे हुए खाने को डस्टबिन में डाल रहा था, जिस पर मजदूर हकीम पिंजारा ने उसे टोका कि खाना बर्बाद करने के बजाय जानवरों को डाल देना चाहिए। इस बात पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसे ग्रामीणों ने शांत करवा दिया था।

साजिश के तहत अंजाम दी वारदात

मृतक के भतीजे इस्लाम ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 9 बजे जब हकीम मस्जिद में इबादत के लिए गए थे, तब आरोपी इमाम ने उन्हें बाथरूम में बंद कर दिया और ऊपर से पेट्रोल डालकर आग लगा दी। ग्रामीणों का आरोप है कि इमाम ने पहले से ही दो लीटर पेट्रोल जमा कर रखा था और यह पूरी घटना एक सोची-समझी साजिश थी।

बाइक चुराकर फरार हुआ आरोपी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी इमाम हाफिज अब्दुल रशीद, जो जोधपुर के बिलाड़ा का रहने वाला है, गांव के ही जगदीश साहू की मोटरसाइकिल चुराकर भाग निकला। ग्रामीणों के अनुसार, इमाम उसी बाइक से कुछ देर पहले पेट्रोल लेकर आया था।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक हकीम जयपुर में मजदूरी करते थे और रमजान के चलते गांव आए हुए थे। उनके पीछे 22 साल की बेटी और 20 साल का बेटा है, जो अभी पढ़ाई कर रहे हैं। घर में कमाने वाले वह इकलौते सदस्य थे। फिलहाल पुलिस की स्पेशल टीम आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Tags

Next Story