दर्दनाक हादसा: पानी पीते-पीते 25 वर्षीय छात्र की हार्ट अटैक से मौत

दर्दनाक हादसा: पानी पीते-पीते 25 वर्षीय छात्र की हार्ट अटैक से मौत
X

अजमेर: राजस्थान के अजमेर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है। यहाँ सुभाष नगर (रामगंज) निवासी 25 वर्षीय युवक संदीप उर्फ संजू डीडवानिया की अचानक हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि संदीप अपने दोस्तों के साथ पानी पी रहा था, तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह गिर पड़ा। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दोस्तों के साथ चाय की थड़ी पर हुआ हादसा

रामगंज थाना पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार सुबह की है। एसआई गुजराल ने बताया कि मृतक के भाई विकास डीडवानिया ने थाने में लिखित शिकायत दी है। सुबह करीब 7 बजे संदीप अपने एक दोस्त को घर छोड़ने के लिए जनाना अस्पताल की तरफ गया था। रास्ते में सभी दोस्त एक थड़ी पर चाय पीने के लिए रुके। इसी दौरान पानी पीते समय अचानक संदीप को सीने में दर्द महसूस हुआ और वह बेसुध हो गया। दोस्त तुरंत उसे जेएलएन (JLN) अस्पताल ले गए, जहाँ जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत बताया।

MA द्वितीय वर्ष का छात्र था संदीप

मृतक के चाचा मुकेश कुमार ने बताया कि संदीप डीएवी (DAV) कॉलेज में एमए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता उदयराम पेशे से बस ड्राइवर हैं और घटना के वक्त काम के सिलसिले में शहर से बाहर गए हुए थे। परिजनों के अनुसार, प्राथमिक तौर पर डॉक्टरों ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है।

रविवार को होगा पोस्टमार्टम

पुलिस ने शव को जेएलएन अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पिता के अजमेर लौटने के बाद रविवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, जिससे मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सके। फिलहाल रामगंज थाना पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

Next Story